पटियाली(कासगंज)। अमेरिका के न्यूयॉर्क में पटियाली क्षेत्र के गांव म्याऊ के रहने वाले युवक की आग की चपेट में आकर मौत हो गई। युवक फाजिल खान कोलंबिया यूनिवर्सिटी में डाटा रिपोर्टर के तौर पर काम कर रहा था। उसका शव न्यूयॉर्क से भारत पहुंचा। दिल्ली में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उसके परिवार के लोग भी दिल्ली पहुंच गए। यह दुर्घटना पिछले शुक्रवार को न्यूयॉर्क में हुई थी। परिवार के लोगों के मुताबिक, लिथियम आयन बैटरी में स्पार्क से बिल्डिंग में आग लग गई थी। जिसमें फाजिल की मौत हो गई और 17 लोग घायल हो गए। बताया गया कि फाजिल खान ने कोलंबिया के जर्नलिज्म स्कूल से ग्रेजुएशन की थी। परिवार में फाजिल की मौत से शोक का आलम है। फाजिल के पिता हासिम खान पटियाली तहसील क्षेत्र के गांव म्याऊ के रहने वाले हैं। वह गांव में ही रहते हैं। जबकि उनके बेटे दिल्ली के रघुवीर नगर में रहते हैं। फाजिल उनका सबसे छोटा बेटा था। फाजिल की हादसे में हुई मौत से परिवार में चीत्कार मचा हुआ है।