कासगंज। जिले में 53 केंद्रों पर शुक्रवार से गेहूं की खरीद शुरू होगी। बटाईदार भी अपना गेहूं खरीद केंद्रों पर बिक्री कर सकेंगे। इस बार एक माह पहले गेहूं की खरीद शुरू हो रही है। गेहूं खरीद को देखते हुए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।जिले में लगभग 98 हजार हेक्टेयर भूमि पर गेहूं की फसल बोई गई थी। सीजन सत्र 2022-23 में गेहूं की काफी कम खरीद हुई। राशन में वितरण करने के लिए अन्य राज्यों से गेहूं की आपूर्ति करनी पड़ रही है। इसलिए शासन का पूरा जोर गेहूं की खरीद पर है। अभी गेहूं की फसल पककर तैयार नहीं हुई है। प्रतिवर्ष एक अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू होती है, लेकिन इस बार एक माह पहले ही एक मार्च से ही गेहूं खरीद केंद्र खोले जा रहे हैं। पहले बंटाई पर खेती करने वाले किसान अपना गेहूं खरीद केंद्रों पर बिक्री नहीं कर पाते थे। शासन ने ऐसे किसानों को भी राहत दी है। ये किसान भी अपना पंजीकरण कराने के बाद सरकारी केंद्रों पर गेहूं की बिक्री कर सकेंगे। गेहूं के सरकारी भाव को भी सरकार ने बढ़ाकर 2275 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। जिससे किसानों को अच्छा भाव मिल सके।