बेवर। शटर बंद करने के दौरान हलवाई की दुकान पर काम करने वाले शिव नगर काॅलोनी निवासी राजू सक्सेना (45) की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद गुस्साए परिजन ने हंगामा करते हुए शव को मोटा रोड तिराहे पर रख कर जाम लगाने की कोशिश की। दुकान मालिक पर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए मार्ग पर एकत्रित हुए लोगों को हटाया। थाना क्षेत्र के शिव नगर कालोनी निवासी राजू सक्सेना सरकारी अस्पताल के पास स्थित पाल मिष्ठान भंडार पर काम करता था। सोमवार रात को काम खत्म होने के बाद वह दुकान का शटर बंद कर रहा था, इसी दाैरान उसकी संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। आनन-फानन सीएचसी ले जाया गया, वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। स्थानीय पुलिस ने सूचना के बाद शव मोर्चरी में रखवाया। कुछ लोगों का कहना है कि करंट लगने से माैत हुई है। मंगलवार को बेवर पुलिस ने राजू के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजन के सुपुर्द कर दिया। पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन शव को घर ले जाने के बजाय मोटा रोड तिराहे ले आए। शव को रख कर जाम लगाने की कोशिश की, सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हंगामा कर रहे परिजन व ग्रामीणों को समझाया। राजू की पत्नी रानी देवी ने आरोप लगाया कि दुकान मालिक ने पीटकर हत्या की है। प्रभारी निरीक्षक ने आश्वासन दिया कि पुलिस मामले में गहनता से जांच करेगी। सत्यता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद आक्रोशित परिजन शांत हुए और शव लेकर घर चले गए। पुलिस ने मार्ग पर एकत्रित हुए लोगों को हटाकर आवागमन सुचारु कराया। संवाद