road accident. demo pic
- फोटो : सोशल मीडिया
आगरा के खंदौली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार की दोपहर बड़ा हादसा हो गया। नोएडा से प्रयागराज जा रही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में कार सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। साथ ही परिजन को सूचना दी।
पुलिस के मुताबिक प्रयागराज निवासी विनय (29) पुत्र रोशन लाल, अरविंद (27) पुत्र रूपचंद, अंकित राय पुत्र रामसूरत और सुशील पुत्र नेहलाल सभी दोस्त हैं। ये सभी प्रयागराज रेलवे स्टेशन के पास स्थित केल्विन अस्पताल में संविदा पर नर्सिंग का काम करते हैं। सभी किसी कार्य से हिसार (हरियाणा) गए थे।
शनिवार को कार से यमुना एक्सप्रेस-वे के रास्ते घर लौटते समय खंदौली क्षेत्र में 157वें किलोमीटर पर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में अंकित राय की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
चीख पुकार पर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी खंदौली ने बताया कि परिजन को सूचना दे दी गई है। घरवाले प्रयागराज से आगरा के लिए चल दिए हैं।