पेट में डीजल चले जाने से युवक की मौत
किशनी। गांव जिजई में सोमवार की सुबह एक युवक ट्रैक्टर की डीजल टंकी में पाइप लगाकर डीजल खींच रहा था। उसने पाइप में मुंह लगाकर जब डीजल खींचा तो वह उसके पेट में चला गया। शाम के समय उसकी तबियत बिगड़ी तो परिजन निजी चिकित्सक के यहां ले गए। वहां से मेडिकल कॉलेज सैफई ले जाया गया। देर शाम युवक ने दम तोड़ दिया। देर रात शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया।
थाना क्षेत्र के गांव जिजई निवासी श्रीकृष्ण का 18 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार सोमवार की सुबह ट्रैक्टर से डीजल निकालने गया था। उसने टंकी से डीजल निकालने के लिए पाइप लगाया और मुंह से हवा खींची। तभी पाइप से खिंचा डीजल राजेश के पेट में चला गया। वह खांसते हुए वहां से दूर हट गया। कुछ देर बाद सामान्य होने के बाद घर चला गया। शाम करीब तीन बजे उसे उल्टी हुई। हालत बिगड़ने पर परिजन निजी चिकित्सक के यहां ले गए। हालत में सुधार न होने पर इटावा के निजी अस्पताल और वहां से मेडिकल कॉलेज सैफई में भर्ती कराया। वहां रात करीब नौ बजे राजेश ने दम तोड़ दिया। मंगलवार की सुबह गांव में अंतिम संस्कार किया गया।