कासगंज। एक युवक की शनिवार की रात्रि को करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक के पिता ने इस मामले में हत्या की आशंका जताई है। वजह जानने के लिए पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। युवक हेमंत उर्फ राजू(25) निवासी मोहल्ला मंडी बिलराम किसरौली रोड पर ई रिक्शा चार्जिंग गैराज में काम करता था। हेमंत ई रिक्शे में चार्जिंग आदि के वायर लगाने का काम करता था। चार्जिंग लगाने के दौरान ही वह करंट की चपेट में आ गया।
गैराज स्वामी गुड्डू ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिवार के लोग भी पहुंच गए। पिता थान सिंह ने कहा कि हेमंत की हत्या की गई है। इंस्पेक्टर सिद्धार्थ तोमर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित होगी।