बिछवां। सैदपुर बघौली गांव में सोमवार की शाम एक पिता-पुत्र के ऊपर कच्ची दीवार गिर गई। हादसे में पिता-पुत्र मलबे में दबकर गंभीर रुप से घायल हुए, दाेनों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। जबकि घायल पिता का उपचार चल रहा है। युवक की मौत के बाद उसके घर में चीख पुकार मची है।
थाना क्षेत्र के सैदपुर बघौली गांव निवासी मुनीम सिंह सोमवार की शाम पुत्र अतुल सिंह (31) के साथ कूप से भूसा निकालने के लिए जा रहे थे। तभी घर में मौजूद कच्ची दीवार अचानक भरभराकर उनके उपर गिर गई। हादसे में पिता-पुत्र मलबे के नीचे दब गए। चीख-पुकार सुनकर परिजन व ग्रामीण एकत्र हुए। साथ ही अफरातफरी के बीच दोनों को मलबे से बाहर निकाला गया। साथ ही दोनों को आनन-फानन में उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान अतुल की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मुनीम सिंह का इलाज चल रहा है। हादसे में युवक की मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
तहसीलदार ने किया निरीक्षण
गांव सैदपुर बघौली में कच्ची दीवार गिरने से युवक की मौत हो गई। वहीं पिता का इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलने के बाद तहसीलदार सदर क्षेत्रीय लेखपाल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही मृतक के परिजन से हादसे के बारे में जानकारी ली।