कुरावली। गांव रजापुर में सोमवार की शाम एक युवक ने कमरे का दरवाजा बंद करने के बाद खुदकुशी कर ली। जानकारी होने के बाद परिजन ने दरवाजा तोड़ कर शव को फंदे से उतारा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के गांव रजापुर निवासी विशाल कुमार (19) शराब पीने का आदी हो चुका था। सोमवार की शाम को उसने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया और फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। इस बीच विशाल की दादी कमरे के बाहर पहुंची और दरवाजा खोलने के लिए कहा। लेकिन जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो अन्य परिजन को जानकारी दी। परिजन ने दरवाजा तोड़ने के बाद जब अंदर का नजारा देखा तो होश उड़ गए।
विशाल का शव फंदे पर लटका हुआ था। उसके जीवित होने की उम्मीद के चलते परिजन ने शव को फंदे से उतारा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। लेकिन वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उधर सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक की असमय मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।