आगरा। जलकल विभाग के उपभोक्ताओं का डाटा साइबर ठगों के हाथ लग गया है। ठगों ने बड़ी संख्या में जलकल उपभोक्ताओं को व्हॉट्सएप मैसेज व कॉल कर कनेक्शन कटने का डर दिखाकर साइबर ठगी की कोशिश की है। कई लोगों के अधिकारियों से शिकायत के बाद विभाग ने लोगों से किसी अनजान लिंक या व्यक्ति के बताए खाते में रुपये न डालने और पुलिस से शिकायत कर दी है।
जलकल विभाग इन दिनों बकाया बिल जमा कराने के लिए वन टाइम सेटेलमेंट स्कीम चला रहा है। इसी बीच उसने बकाया वसूली के लिए भी घर-घर दस्तक देना शुरू कर दिया। वसूली अभियान और स्कीम के बीच साइबर ठगों ने शहर के कई उपभोक्ताओं को मैसेज कर चौबीस घंटे में कनेक्शन कटने का डर दिखाकर अपना निशाना बनाते हुए पैसों की मांग की। अपने साथी का नंबर देकर संपर्क करने के लिए कहा गया। पार्षद रवि माथुर और राकेश जैन ने लोगों ने मोबाइल नंबर की जानकारी शेयर होने पर सवाल उठाते हुए विभाग का सिस्टम और डाटा हैक होने के आरोप लगाए। वहीं, विभाग के महाप्रबंधक एके राजपूत ने बताया कि कुछ लोगों से इसकी जानकारी मिलने के बाद सभी उपभोक्ताओं को विभाग के आधिकारिक प्लेटफॉर्म व संपर्क नंबरों के जरिये जागरूक किया जा रहा है। सभी को किसी भी लालच में न आने के लिए कहा गया है। साथ ही जानकारी के लिए सत्यापित सोशल मीडिया अकाउंट व नंबरों के अलावा विभाग के कार्यालय में जाकर संपर्क करने को कहा गया है। साथ ही पुलिस को मामले की जांच के लिए पत्र लिखा गया है।