थाना एका के सुजायतपुर निवासी युवक संदिग्ध परस्थिति में ज्वलनशील पदार्थ से जलकर घायल हो गया। उपचार को आगरा मेडिकल कालेज से दिल्ली ले जाते समय मौत हो गई।
युवक की मौत होने से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने मृतक के दोस्त पर जलाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
सुजायतपुर निवासी सूरजपाल राजपूत (35) पुत्र रामगोपाल राजपूत खेती का काम करता है। शनिवार को सुबह छह बजे वह थाना एका के ग्राम भीकनपुर के समीप रोड के किनारे जली अवस्था में घायल पड़ा मिला।
परिजन उसे उपचार को एटा ले गए। हालत गंभीर होने के कारण एटा से आगरा में स्थित एसएन मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया था। आगरा से दिल्ली ले जाने के दौरान रास्ते में सूरजपाल की मौत हो गई।
सूरजपाल की मौत होने के बाद परिजन शव को गांव लेकर पहुंच गए। परिजनों का आरोप है सूरजपाल को नगला भारा के निवासी ब्रजेश कुमार पुत्र गोपीचंद्र शाक्य ही बुलाकर ले गया था। परिजनों को आशंका है कि उसे ने कोई ज्वलनशील पदार्थ डालकर जलाया है।
परिजनों का कहना है कि रोड के किनारे जली अवस्था में पड़े होने की सूचना ब्रजेश ने ही परिजनों को दी थी। परिजनों ने बताया कि वह क्योंकि घटना के बाद से वह गायब है।
घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी जसराना ओपी सिंह, थाना इंचार्ज एका अनिल कुमार, थानाध्यक्ष जसराना ग्रीशचंद्र गौतम फोर्स के साथ ही मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भेजा है।
मृतक सूरजपाल अपने पिता के इकलौता बेटा था। उसके एक बहन सुमनदेवी है। जिसका विवाह कर दिया था। उसके एक बेटा दिव्यांशु(सात) एवं एक बेटी प्रज्ञा (तीन) वर्ष की है। मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। उसे परिवार की महिलाएं ढांढस बंधा रहीं हैं।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण फिरोजाबाद का कहना है कि थाना एका के सुजायतपुर निवासी सूरजपाल राजपूत किसी ज्वलनशील पदार्थ से जला है। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई है। उसके दोस्त पर जलाने की आशंका जाहिर करते हुए तहरीर दी है। मामले की जांचकर कार्रवाई की जा रही है।