अस्पताल में इलाज के दौरान हुई पीड़ित युवक की मौत
- फोटो : अमर उजाला
गुटके के पैसे मांगने पर सिपाही ने दुकानदार को जमकर पीटा। बात यहीं खत्म नहीं हुई, पीआरवी के माध्यम से घायल दुकानदार को थाना हाईवे में बंद भी करा दिया।
हालत बिगड़ने पर हरकत में आई हाईवे पुलिस ने आनन-फानन में घायल दुकानदार को उसकी चाची के सुपुर्द कर दिया। आगरा में भर्ती कराए गए दुकानदार की उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने थाना हाईवे पर हंगामा काटा।
मामला मंगलवार की शाम का है। धौली प्याऊ पर तिवारी जी के बाड़ा निवासी राहुल बंसल (25) पुत्र स्व. नरेश बंसल का धौलीप्याऊ रेलवे फाटक के पास चाय का खोखा है। मंगलवार की शाम फिरोजाबाद में तैनात सिपाही योगेंद्र चौधरी गुटखा खाने आया। गुटखा के पैसे मांगने पर सिपाही ने दुकानदार को धुन डाला।
सिपाही ने धुनने के बाद थाना हाईवे की पीआरवी बुलवाकर दुकानदार को थाना हाईवे में बंद भी करा दिया। थाने में हालत बिगडने पर हाईवे पुलिस में खलबली मच गई। आनन-फानन में घायल दुकानदार को हाईवे पुलिस ने उपचार को ले जाने के बजाए उसकी चाची को ही थाने पर बुलाकर घायल को सुपुर्द कर दिया।
पुलिस की पिटाई से गंभीर रूप से घायल दुकानदार को परिजन उपचार के लिए कई अस्पताल ले गए, लेकिन अस्पतालों में उसकी हालत को देखते हुए भर्ती करने से ही साफ मना कर दिया। इस स्थित में परिजनों ने दुकानदार को आगरा के नेशनल हास्पिटल में भर्ती कराया गया।
यहां बुधवार की शाम घायल दुकानदार ने दम तोड़ दिया। थाने पहुंची मृतक के भाई रिंकू बंसल की तहरीर पर सिपाही के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। मृतक का परिवार बेहद गरीब है।
जीआरपी में भी तैनात रहा आरोपी सिपाही
दुकानदार की पीट-पीटकर हत्या करने वाला सिपाही योगेंद्र चौधरी मथुरा जीआरपी में तैनात रहा। वर्तमान में फिरोजाबाद पुलिस लाइन में तैनात सिपाही हाथरस का रहने वाला बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी सिपाही योगेंद्र चौधरी किरन हास्पिटल के पीछे रह रहा है।
पुलिस अधीक्षक शहर, अशोक कुमार मीणा का कहना है कि फिरोजाबाद में तैनात सिपाही योगेंद्र चौधरी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही सिपाही की गिरफ्तारी करके उसे जेल भेजा जाएगा।