आगरा में जूता कारोबारी अजय सोनी की हत्या के लिए उनके छोटे भाई ने 2.5 लाख रुपये की सुपारी देकर दोस्तों के साथ साजिश रची। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से मामले का खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी फरार है।
जूते के व्यापार से अलग करने पर छोटे ने अपने बड़े भाई की हत्या की साजिश रच डाली। ढाई लाख रुपये में अपने दोस्तों को सुपारी दे दी। उसके दोस्त जूता कारोबारी का पीछा करने लगे। 18 मई को रास्ते में रोक कर आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया। किसी तरह व्यापारी ने खुद को बचाया। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए सीसीटीवी फुटेज देखे। एक आरोपी के सामने आने के बाद पुलिस ने घटना का खुलासा कर दिया। व्यापारी के छोटे भाई सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
जूता व्यापारी अजय सोनी ने 19 मई को थाना लोहामंडी पुलिस से शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि 18 मई की सुबह वह किसी काम से जा रहे थे। तभी कोठी मीना बाजार स्थित जूता मंडी के पास रास्ते में अपाचे बाइक सवार तीन बदमाशों ने रोक लिया। आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। आरोपी जान से मारने की कोशिश कर रहे थे। शिकायत मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को देखा। इसमें सामने आया कि बाइक सवार अजय सोनी का काफी देर से पीछा कर रहे थे। इससे आशंका जताई गई कि आरोपियों ने किसी वारदात के लिए हमला किया था। इस पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि आरोपियों ने अपना चेहरा कपड़े से छिपा रखा था।
पुलिस को उनकी पहचान करने के लिए 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरा को देखना पड़ा। टूंडला क्षेत्र में एक आरोपी ने एक जगह पर सामान खरीदने के लिए चेहरे से कपड़ा हटाया था। इसी दौरान वह सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पुलिस ने फुटेज जूता व्यापारी को दिखाए। तब उसने आरोपी की पहचान अपने छोटे भाई रिंकू के दोस्त के रूप में कर ली। पुलिस ने रिंकू को हिरासत में लेकर पूछताछ की उसने बताया कि बड़े भाई का कारोबार अच्छा चलता है।
6 महीने पहले उन्होंने उसे अपने कारोबार से अलग कर दिया। इससे वह मन ही मन रंजिश मान रहा था। उसने बड़े भाई को ठिकाने लगाने की योजना बनाई थी। इसके लिए अपने दोस्तों लकी, विष्णु, सुनील और संदीप उर्फ भोला उर्फ मोटी बुद्धि से बात की। वह ढाई लाख रुपये में अजय की हत्या के लिए राजी हो गए। वह प्लान के तहत पीछा करते हुए आए थे मगर वारदात करने में सफल नहीं हो सके। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी राज नगर निवासी रिंकू के अलावा धूलियागंज निवासी लकी और विष्णु, फिरोजाबाद निवासी सुनील को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी संदीप हाथ नहीं आया है। आरोपियों पर पहले से फिरोजाबाद और कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज हैं।