आगरा फोर्ट स्टेशन पर मंगलवार सुबह वाराणसी से जोधपुर जा रही मरुधर एक्सप्रेस के एसी कोच में हंगामा हो गया। महिला यात्री को छोड़ने आई बहन ने ट्रेन में सवार युवक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। महिला के साथ परिजन भी स्टेशन पर आए थे। महिला के भाई के विरोध पर युवक और उसके साथियों ने पीट दिया। जानकारी पर आरपीएफ कर्मी पहुंचे। युवक को जीआरपी के हवाले कर दिया। थाने पर भी महिला के परिजन आ गए। इस बीच आरोपी युवक भाग निकला। इस पर पीड़िता के परिजन ने नारेबाजी शुरु कर दी। जीआरपी कर्मियों ने उन्हें समझाकर शांत कराया। एक्स पर पोस्ट करने के बाद मामले की जांच सीओ जीआरपी को साैंपी गई है।
सुबह 8:30 बजे की है। थाना रकाबगंज के ईदगाह क्षेत्र की महिला को रिश्तेदारी में जोधपुर जाना था। उन्होंने मरुधर एक्सप्रेस में रिजर्वेशन कराया था। उन्हें छोड़ने के लिए मूलरूप से अलीगढ़ की रहने वाली बहन, बहनोई, भाई भी स्टेशन पर आए थे। महिला ट्रेन के बी-1 कोच में बैठ गईं। आरोप है कि ट्रेन में 8-10 युवक सवार थे। उन्होंने महिला यात्री की बहन पर फब्तियां कसना शुुरु कर दिया। पीड़िता के भाई ने देखा तो वह भी युवकों से मना करने लगे। इस पर युवकों ने उसकी पिटाई कर दी। बहन ने शोर मचा दिया। यात्रियों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर आरपीएफ के सिपाही आ गए। उन्होंने आरोपी युवक को पकड़ लिया। उसे फोर्ट जीआरपी को साैंप दिया।