कासगंज। ढोलना क्षेत्र के हरसेना गांव में ससुराल आए एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव फंदे पर लटका मिला। इस मामले में मृत युवक के भाई ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल कर रही है। मृत युवक हरिओम रुखला छरा गांव का निवासी था, उसकी ससुराल हरसेना गांव में थी। वह बीते एक मई को अपनी ससुराल आया था। उसका शव 4 मई की रात फंदे पर लटका मिला। इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल करने के बाद पुलिस ने उसके परिजन को इस घटना की सूचना दी। युवक के मौत की जानकारी होने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृत हरिओम के भाई प्रवीण ने घटना के बाबत रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी। इसमें उसके भाई की मौत को संदिग्ध हालातों में होना बताया। साथ ही रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाली प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि उसके मृतक हरिओम के भाई प्रवीण की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।