आगरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर खंदौली टोल प्लाजा के समीप युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारे शव को सर्विस रोड के किनारे बने नाले में फेंक गए थे। मंगलवार की शाम बकरियां चरा रहे लोगों ने नाले में शव देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त करने की कोशिश की, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार शव दो दिन पुराना है।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार की शाम मलूपुर निवासी ध्यान सिंह एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर बकरियां चरा रहा था। तभी उसकी नजर नाले में पड़े शव पर पड़ी। पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाया। युवक की उम्र करीव 25 वर्ष बताई जा रही है।
युवक के सीने और सिर में गोली लगी हुई थी। मौके पर जुटे लोगों का अनुमान है कि हत्यारोपियों ने यमुना एक्सप्रेसवे पर हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया। युवक नीले रंग की जींस और ग्रे कलर की जैकेट पहने है। थाना प्रभारी अरविंद कुमार निर्वाल ने बताया कि शव दो दिन पुराना लग रहा है।