फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में शादी का झांसा देकर युवक ने साथी छात्रा के साथ भूड़ा नहर के पास यौन शोषण किया। उसके अश्लील वीडियो बना लिए। जिनके आधार पर उसे ब्लैकमेल कर आगरा में खंदारी स्थित अपने कमरे पर बुलाकर उसका यौन शोषण करता रहा। छात्रा की शादी का रिश्ता भी तुड़वा दिया। पीड़ित छात्रा ने थाना शिकोहाबाद में आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
आगरा की एक छात्रा एमसीए की पढ़ाई कर रही थी। पीड़िता के अनुसार उसकी दोस्ती पढ़ाई के दौरान थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के अंतर्गत एक कॉलोनी निवासी सचिन तोमर से हो गई थी। दोनों के बीच दोस्ती गहरी हो चुकी थी। आरोप है कि आरोपी ने वर्ष 2023 में छात्रा को शिकोहाबाद बुलाया। वह उसे भूड़ा नहर पटरी की ओर ले गया। जहां झाड़ियों में ले जाकर जबरन छात्रा के साथ शारीरिक संबंध बनाए। धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो बर्बाद कर देगा।
आरोप है कि आरोपी ने छात्रा को कई बार ब्लैकमेल कर खंदारी स्थित कमरे पर बुलाया और जबरन उसका यौन शोषण करता रहा। फरवरी 2024 में छात्रा का रिश्ता तय हो गया। मई में छात्रा की मंगनी हो गई। इस बात से बौखलाकर आरोपी ने छात्रा का रिश्ता भी तुड़वा दिया। छात्रा का आरोप है कि आरोपी की इस हरकत से उसका रिश्ता टूट गया। साथ ही उसके परिवार को काफी आर्थिक नुकसान भी हुआ।
पीड़ित छात्रा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब इस मामले की जांच में जुट गई है। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि छात्रा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।