आरोपी नूर मोहम्मद, घटनास्थल पर जांच करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में गुरुवार शाम एक जूता कारीगर की उसके जीजा ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी थाने पहुंच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, वहीं घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया।
एत्मादपुर के मोहल्ला शेखान निवासी फरमान (25) पुत्र अज्जो कबीर कुंज में जूता कारखाना में काम करता था। फरमान के परिजनों ने बताया कि उसकी बहन नाजमीन ने 21 जनवरी को आनंद नगर, जगदीशपुरा निवासी नूर मोहम्मद पुत्र महाजुद्दीन से प्रेम विवाह किया था।
प्रेम विवाह से नूर मोहम्मद के घरवाले खुश नहीं थे। इस कारण वो बिल्लोचपुरा, हरीपर्वत में किराये पर कमरा लेकर रह रहा था। पुलिस की पूछताछ में आरोपी नूर मोहम्मद ने बताया कि नाजमीन अक्सर अपने मायके जाने की कहती थी।
सुबह हुआ झगड़ा, शाम को हत्या
रोते बिलखते मृतक के परिजन
- फोटो : अमर उजाला
वो उससे कहता था कि जब उसने अपने परिवार से दूरी बना ली है तो वो भी अपना घर जाना छोड़ दे। मगर, नाजमीन नहीं मानी। इस बात पर झगड़ा होता था। गुरुवार सुबह नाजमीन ने अपने भाई फरमान को फोन किया। वो उसे लेकर जाने की कहने लगा।
इस बात पर नूर मोहम्मद का साले से झगड़ा हो गया। वो चार बजे चाकू लेकर फरमान के कारखाना पर पहुंचा। बात करने के बहाने उसे अपने साथ कबीर कुंज में कब्रिस्तान स्थित खंडहर मकान के पास ले गया, जहां फरमान की चाकू से गोदकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी अपनी बाइक से थाना जगदीशपुरा आ गया। उसने खुद पुलिस को जानकारी दी कि वो हत्या करके आया है। इस पर पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मौका-ए-वारदात पर पहुंची, जहां से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरादम कर लिया।
चाकू से किए कई वार
नूर मोहम्मद ने फरमान को पीछे से पकड़ लिया। इसके बाद चाकू से वार करने लगा। उस पर तब तक वार करता रहा, जब तक कि उसकी मौत नहीं हो गई। उसे साले को मारने का कोई अफसोस भी नहीं था। उसने अपना जुर्म कबूल किया। पुलिस को सब कुछ बताया।
उधर, फरमान की मौत की जानकारी पर उसकी मां चुन्नी देवी आ गईं। उनका रो-रोकर बुरा हाल था। वो भाई की मौत के लिए नाजमीन को जिम्मेदार ठहराने लगी। उनका कहनाथा कि बहन की जिद ने भाई की जिंदगी छीन ली। थाने पर रोती बिलखती मां को किसी तरह परिजनों ने संभाला।