फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला गंगा नगर में देर रात घर के कमरे में फंदा लगाकर युवक ने जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हिमांशु कठेरिया (24) निवासी गंगा नगर देर रात अपने घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में लगे पंखे में रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने बताया कि उसके पिता की एक वर्ष पूर्व मृत्यु हुई थी। पिता रोड़वेज में चालक के पद पर तैनात थे। पिता की मृत्यु के पश्चात वह पिता के स्थान पर नौकरी करना चाहता था। इस बीच वह नशे का आदी हो गया था।
रात में वह सोने के लिए अपने कमरे में चला गया। सुबह जब देर तक नहीं जागा तो परिजन उसके कमरे में पहुंचे। वहां फंदे पर उसका शव लटका देख परिजनों को होश उड़ गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सीओ कमलेश कुमार, थाना प्रभारी प्रदीप कुमार घटना स्थल पर पहुंच गए।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लोगों ने बताया कि मृतक के पांज भाई और हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है। वह तीसरे नंबर का था। युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।