खंदौली। थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ी राठौर में श्यामबरन (30) ने फंदे पर लटककर जान दे दी। सुबह जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजन ने दरवाजा तोड़ा, जिसके बाद अंदर युवक का शव पंखे से लटका मिला। परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
गढ़ी राठौर निवासी श्यामबरन तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी शादी करीब चार वर्ष पूर्व हुई थी। उसके बड़े भाई रमन वृंदावन में ई-रिक्शा चलाते हैं और ई-रिक्शा ठेकेदारी का काम भी करते हैं। श्यामबरन भी अपने बड़े भाई के साथ वृंदावन में ई-रिक्शा चलाता था।
परिजनों के अनुसार, श्यामबरन 19 अगस्त को अपने चाचा बसंत लाल की मृत्यु के कारण घर आया था। 20 अगस्त को उसके ससुराल पक्ष के लोग घर पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर श्यामबरन और ससुराल पक्ष के लोगों के बीच कहासुनी हो गई थी। परिजन का आरोप है कि ससुराल पक्ष की ओर से दी गई धमकी और कहासुनी के बाद श्यामबरन काफी तनाव में था।
सूचना मिलते ही थाना खंदौली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।