आगरा के मलपुरा क्षेत्र में ग्वालियर मार्ग के पास रविवार शाम को खेत में एक मजदूर का शव मिलने सनसनी फैल गई। सूचना पाकर एसपी वेस्ट सत्यजीत गुप्ता, सीओ अछनेरा महेश कुमार के साथ थाना मलपुरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम गृह भिजवाया। मजदूर की हत्या हुई है या आत्महत्या यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि 18 वर्षीय जयप्रकाश पुत्र हरदयाल सेवला में मजदूरी का कार्य करता था। चार दिन पहले जयप्रकाश सड़क हादसे में घायल हो गया था। इसके कारण मजदूरी पर नहीं जा रहा था। रविवार को वह परिजनों को बिना बताए खेतों की तरफ चला गया। शाम को उसका शव पड़े होने की सूचना मिली तो परिवार में कोहराम मच गया।
पूरे प्रकरण पर एसपी बेस्ट सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि ककुआ गांव निवासी एक युवक मजदूरी का कार्य करता था। उसका शव पड़ा होने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम गृह भिजवाया दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या आत्महत्या की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।