कासगंज। धान मील रोड स्थित एक निजी स्विमिंग पूल में सोमवार शाम नहा रहे एक युवक की डूबने से मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मोहल्ला नाथूराम गली खेड़िया निवासी अमित कुमार (30) सोमवार को धान मील रोड पर ईदगाह के पीछे स्थित निजी स्विमिंग पूल में नहाने के लिए छोटे भाई सुमित व दोस्तों के साथ गए थे। नहाते समय वह गहराई में चले गए और डूबने लगे। सुमित ने भाई को डूबते देखा तो शोर मचा दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पूल के आसपास मौजूद लोगों ने अमित को बचाने के लिए प्रयास शुरू कर दिए। जैसे-तैसे अमित को पूल से बाहर निकाला गया लेकिन तब तक वह बेसुध हो चुके थे।सुमित और दूसरे युवक उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने अमित को जिला अस्पताल ले जाने को कह दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने अमित को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना को लेकर पूछताछ की। स्विमिंग पूल संचालक का नाम जुबैर बताया जा रहा है। स्विमिंग पूल रजिस्टर्ड है या नहीं, मौके पर कोई ट्रेनर मौजूद था या नहीं, पुलिस इसकी जांच कर रही है। सीओ सदर आंचल चौहान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच की जा रही है।अमित के भाई सुमित कुमार ने बताया कि अमित की शादी छह माह पहले फर्रुखाबाद निवासी तनु के साथ हुई थी। वह शहर की एक निजी प्रिंटिग प्रेस में काम करते थे। वह दो भाई और एक बहन में सबसे बड़े थे। उसकी मौत के बाद पत्नी तनु, मां गुड्डो देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।