कासगंज में बारिश के बाद सोरों गेट क्षेत्र में हुए जलभराव के बीच से होकर गुजरते दुपहिया वाहन चाल
कासगंज। मानसून की दस्तक से पहले नगर पालिका और नगर पंचायतों की ओर से किए गए जल निकासी की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दावों की पोल बारिश का सीजन शुरू होते ही खुलकर सामने आ गई है। सोमवार को दोपहर में हुई तेज बारिश में शहर से लेकर देहात के इलाकों में जलभराव ने लोगों को खासा परेशान किया। शहर में सोरो गेट, माधवपुरी कॉलोनी में बारिश के चलते नाले चोक हो गए और सड़क बारिश के पानी से लबालब भर गई।लोगों को आने-जाने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। यह स्थिति तब है जब कि बीते दिनों ही नगर पालिका ने सोरो गेट पर जैटिंग मशीन से नाला सफाई अभियान चलाया था। कुछ घंटों की बारिश में सोरो गेट से मार्केट की ओर जाने वाली रोड तालाब में तब्दील हो गई। शहर में नदरई गेट समेत अन्य स्थानों पर जलभराव की स्थिति रही। जिले में सोमवार को सुबह से बादल छाए रहे। उमस के चलते तापमान 27 डिग्री रिकार्ड किया गया। 11 बजे के बाद शुरू हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। तीन से चार घंटे तक रुक-रुककर तेज बारिश होती रही। इससे जन-जीवन प्रभावित रहा। बारिश से लोगों को उमस से राहत मिली। तापमान में गिरावट आ गई। अधिकतम तापमान एक डिग्री गिरकर 34 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले एक-दो दिन तक मौसम ऐसा ही रहेगा। रुक-रुककर बारिश होने के साथ तेज हवा चलेगी। मौसम विभाग की ओर से बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
सोरोंजी में सोमवार को दिन भर रुक रुक कर हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया। गर्मी से परेशान लोगों ने बारिश में भीगकर लुत्फ उठाया। दोपहर के समय करीब डेढ़ घंटे हुई तेज बारिश से जगह-जगह जलभराव हुआ। गली रामलाल, कसेरट बाजार, चौदहपोर, बारु बाजार, चक्रतीर्थ आदि स्थानों पर काफी देर तक पानी भरा रहा जिससे लोगों को खासी परेशानी हुई। पटियाली में सुबह से रुक-रुक कर रिमझिम बारिश शुरू हो गई। लोग बारिश का लुफ्त लेते हुए नजर आए।