फर्रुखाबाद रोड पर सब्जी मंडी में दुकान लगाए दुकानदार ने बुधवार को पानी की बोतल में रखा तेजाब पी लिया। तेजाब गले के नीचे उतरते ही तेज जलन बर्दाश्त के बाहर हो गई और युवक अचेत हो गया। जानकारी होने पर परिजन उपचार के लिए आगरा ले गए। वहां देर रात दम तोड़ दिया।
गांव किशनपुर गढ़िया निवासी अंकित (28) फर्रुखाबाद रोड पर सब्जी की दुकान किए था। बुधवार को दुकान पहुंचने के बाद बेड़ई लेकर आया था। खाने के बाद मिर्च लगने पर उसने जल्दबाजी में पास रखी पानी की बोतल की जगह तेजाब की बोतल खोल कर पी गया। तेजाब गले के नीचे उतरते ही पेट में तेज जलन होने लगी। थोड़ी देर में वह अचेत हो गया। जानकारी पर परिजन पहुंचे और उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां ले गए। हालत में सुधार न होने पर आगरा में एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहे थे। देर रात अंकित ने दम तोड़ दिया। हादसे में युवक की मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
बैटरी में डालने के लिए लाया था तेजाब
अंकित बैटरी में डालने के लिए तेजाब की बोतल खरीद कर लाया था। उसी रंग की दूसरी बोतल में पीने का पानी रखा हुआ था। बिना देखे ही उसने ढक्कन खोल कर उसे पी लिया। उसकी मौत के साथ ही परिजन के सामने भरण पोषण की समस्या खड़ी हो गई है।