कासगंज। एटा मार्ग पर नदरई के निकट एक तेज गति से आती डीसीएम ने सड़क पार करते युवक को टक्कर मार दी। जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इससे गुस्साए परिजनों एवं ग्रामीणों ने एटा मार्ग पर जाम लगा दिया। जिसे करीब एक घंटे बाद पुलिस अधिकारियों ने बमुश्किल खुलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कासगंज कोतवाली अंतर्गत गांव नसरतपुर निवासी मोनू (22) पुत्र अभिषेक बुधवार की रात्रि में करीब 9 बजे गांव बढ़ारी बैस के समीप सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही डीसीएम ने उसे टक्कर मार दी। जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके की ओर भाग लिए। युवक की मौत से गुस्साए परिजनों एवं ग्रामीणों ने एटा मार्ग पर दोनों तरफ जाम लगा दिया। इसके चलते दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों द्वारा बमुश्किल ग्रामीणों को समझा बुझा कर करीब एक घंटा बाद जाम खुलवाया गया। एएसपी राजेश भारती ने बताया कि युवक की सड़क पार करते समय हादसे में मौत हो गई। करीब एक घंटे लगे जाम को बाद में खुलवा दिया गया। ग्रामीणों को उचित कार्यवाही किए जाने के लिए आश्वस्त किया गया है। समाचार लिखे जाने तक परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई थी।
चाय-समोसे की दुकान करता था युवक
तीन भाईयों में सबसे बड़ा मृतक मोनू बढ़ारी चौराह के निकट ही चाय-समोसे की दुकान करता था। उसका परिवार भी उसके काम में हाथ बंटाता था। युवक की शादी हो गई थी लेकिन किन्हीं कारणों से पत्नी साथ नहीं रह रही थी।
अरे मेरे भईया, कहां चलो गयो
सड़क किनारे बैठी मोनू की मां के मुंह से सिर्फ यही शब्द निकल रहे थे कि अरे मेरे भईया, कहां चलो गयो। मां कभी बैठती तो कभी उठ कर सड़क की ओर भागने लगतीं। उन्हें अन्य महिलाएं बमुश्किल ही रोक पा रही थीं। उसके पिता प्रेमपाल भी सड़क किनारे बैठे हुए विलाप कर रहे थे। उनके करुण क्रंदन पर ग्रामीणों की आंखे भी नम थीं।