मैनपुरी में रविवार को मजदूरी मांगने पर एक राजमिस्त्री की हत्या कर दी गई। मामले में रिपोर्ट दर्ज न होने पर परिजनों ने सोमवार सुबह ईशन नदी पुल पर जाम लगाया। एसपी दफ्तर के बाहर भी प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने टाइल्स विक्रेता और ठेकेदार सहित एक अज्ञात के खिलाफ हत्या और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव पुसैना निवासी निवासी 25 वर्षीय संदीप दिवाकर राजमिस्त्री का काम करता था। शहर के पीपराघाट निवासी ठेकेदार मोहब्बत लोधी ने उसे पांच सौ रुपये प्रतिदिन पर राधारमन रोड स्थित नंदनी टाइल्स पर चल रहे निर्माण कार्य में लगाया था। करीब एक माह की मजदूरी 15 हजार रुपये हो चुकी थी।
रविवार की दोपहर तकरीबन दो बजे मोहब्बत ने फोन करके संदीप को नंदनी टाइल्स पर मजदूरी दिलाने के लिए बुलाया था। इसके कुछ देर बाद ही परिजनों को सूचना मिली कि संदीप की मौत हो गई है। परिजन जब जिला अस्पताल पहुंचे तो शाम के समय शव मोर्चरी में रखा मिला।