यूपी के आगरा में युवती को इंस्टाग्राम पर मैसेज करना युवक को भारी पड़ गया। मैसेज युवती के बॉयफ्रेंड ने देख लिया। वह अपने साथियों के साथ युवक के घर पहुंचा, उसे पीटा और सिर पर कड़ा मारकर घायल कर दिया। मामले में केस दर्ज किया गया है।
ताजगंज थाना क्षेत्र के गांव तोरा निवासी शिवम शर्मा ने केस दर्ज कराया। उन्होंने पुलिस को बताया कि एक युवती से उनकी दोस्ती है। 2 जुलाई को युवती को इंस्टाग्राम पर हालचाल पूछने के लिए मैसेज किया। आईडी युवती का मित्र नीरज राजपूत चला रहा था। उसने उनका मैसेज देखकर अपशब्द भरा मैसेज किया। उन्होंने कुछ नहीं कहा। रात को 8 बजे वह घर के पास खड़ा था। आरोप है कि नीरज अपने साथी विनय और रोहित सहित छह युवकों के साथ आया।
आरोपियों ने लाठी-डंडे और हॉकी ली हुई थीं, पीटना शुरू कर दिया। नीरज ने हाथ में पहने हुए कड़े से सिर पर मार दिया। वह घायल हो गए। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग आ गए। इस पर हमलावर युवक धमकी देकर भाग गए। थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि नामजद केस दर्ज किया है। विवेचना की जा रही है। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे हैं।