आगरा के जयपुर हाउस में मोबाइल की दुकान में सेंध लगाकर एक चोर सात महीने पहले 38 मोबाइल चोरी करके ले गया था। पुलिस ने सोमवार रात को चोर को गिरफ्तार कर लिया। उससे चोरी किए गए 26 मोबाइल बरामद कर लिए। आरोपी ने नए साल पर चोरी के मोबाइल परिजनों को गिफ्ट भी किए थे। इसके बाद ही पुलिस को उसके बारे में सुराग मिल गया।
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि 21 मई 2021 की रात को जयपुर हाउस मार्केट में निखिल कुमार की मोबाइल की दुकान में चोरी हुई थी। चोर दीवार तोड़कर दुकान से 38 नए-पुराने मोबाइल, चार्जर, पावर बैंक आदि ले गए थे। इनकी कीमत तकरीबन दो लाख रुपये थी। सोमवार रात को नौबस्ता निवासी अर्जुन सिंह को तमंचे सहित पकड़ लिया। उससे चोरी किए गए 26 मोबाइल बरामद किए हैं। उसने घटना करना कबूला।
मोबाइल में सिम लगाने के बाद पकड़ा गया चोर
थाना लोहामंडी के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र शंकर पांडेय के मुताबिक, पुलिस की पूछताछ में आरोपी अर्जुन ने बताया कि वह अपने पास मोबाइल रखे हुए था। उसे पता था कि अगर मोबाइल में सिम लगाकर चलाएगा तो पकड़ा जाएगा। घटना को सात महीने बीत चुके थे।
नए साल पर उसने अपने घरवालों को मोबाइल गिफ्ट कर दिए। खुद भी एक मोबाइल चलाने लगा। उसे लगा था कि अब पुलिस नहीं पकड़ेगी। घटना को भूल चुकी होगी। मगर, सर्विलांस की मदद से उसे पकड़ लिया गया। कुछ मोबाइल उसने लोगों को बेचे थे। वह अभी चालू नहीं हुए हैं। इस कारण पुलिस बरामद नहीं कर सकी है।