उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिससे प्रशासन में खलबली मच गई है। वीडियो में कुछ युवक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपशब्द कह रहे हैं। यह वीडियो शनिवार को हुई समाजवादी पार्टी एवं महानदल की संयुक्त महापंचायत के दौरान बनाया गया। वीडियो वायरल होने के बाद इसकी शिकायत पीएमओ और यूपी पुलिस के ट्विटर हैंडिल पर की गई। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई है।
ट्विटर के माध्यम से कासगंज के हिमांशु अवस्थी ने प्रधानमंत्री कार्यालय और पुलिस को इसकी शिकायत दर्ज कराई है। आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है। शनिवार दोपहर बाद की गई शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई के लिए गंभीरता दिखाई। देर रात अज्ञात के खिलाफ पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।
शिकायतकर्ता ने ट्वीट में बताया है कि यह वीडियो समाजवादी पार्टी और महानदल की किसान महापंचायत के दौरान का है। यह महापंचायत बारह पत्थर मैदान पर हुई। यह मैदान आवास विकास चौकी क्षेत्र में है। ऐसे में इस मामले में आवास विकास चौकी इंचार्ज कुलदीप शर्मा ने मुकदमा दर्ज कराया है।