मैनपुरी। माध्यमिक विद्यालयों में कल से ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू हो रहा है और इस दौरान शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा। छात्रों की पढ़ाई जारी रखने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने घर बैठे अध्ययन की सुविधा उपलब्ध कराई है। विभाग की वेबसाइट पर हर विषय का पाठ्यक्रम मौजूद है, और छात्र दीक्षा ऐप व यूट्यूब की सहायता से पढ़ सकेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद ने सभी विषयों की पुस्तकें अपनी वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी हैं। इसके अतिरिक्त, परिषद द्वारा संचालित दीक्षा ऐप के माध्यम से छात्र ग्रीष्म अवकाश में भी ऑनलाइन शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर दीक्षा ऐप और यूट्यूब के लिंक दिए गए हैं, जिससे छात्र अपनी कक्षा और विषय चुनकर ऑनलाइन पढ़ाई कर सकते हैं
सरकारी और सहायता प्राप्त कॉलेजों के साथ-साथ जिले के निजी कॉलेजों के कई शिक्षकों ने अवकाश के दौरान छात्रों की मदद के लिए कक्षावार व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाए हैं। इन ग्रुपों के माध्यम से छात्रों को घर बैठे ही पाठ्यक्रम पढ़ाया जाएगा।