मैनपुरी। पीएम स्वनिधि योजना के आवेदकों को ऋण दिलाने के लिए डूडा ने रविवार को अभियान चलाया। एक ही दिन में बैंकों से संपर्क कर 120 पटरी विक्रेताओं को ऋण की धनराशि उनके खाते में उपलब्ध कराई गई। इससे वे अब जल्द ही काम शुरू कर सकेंगे।
कोरोना संक्रमण के बाद बेरोजगार हुए पटरी विक्रेताओं को फिर एक बार स्थापित करने के लिए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की शुरुआत की गई है। इसके तहत उन्हें दस हजार रुपये का ऋण डूडा (जिला नगरीय विकास अभिकरण) के माध्यम से बैंक उपलब्ध करा रहे हैं।
इसी के तहत डूडा ने रविवार को विशेष अभियान चला कर डूडा के कर्मचारियों ने बैंकों को खुलवाकर आवेदकों के ऋण उनके खाते में स्थानांतरित कराए। इसके चलते एक दिन में अलग-अलग बैंक से 120 पटरी विक्रेताओं के खाते में धनराशि उपलब्ध कराई गई। अब वे इस धनराशि से काम शुरू सकेंगे। डूडा के सिटी मिशन मैनेजर नितिन कनौजिया ने बताया कि अब तक कुल 705 आवेदकों के खातों में धनराशि पहुंच चुकी है। संवाद