मैनपुरी। पशुपालन को बढ़ावा देने और पशुओं की बेहतर देखभाल के लिए जिले की 552 ग्राम पंचायतों में टिनशेड लगाए जाएंगे। पंचायतों में अब तक मनरेगा योजना के तहत चकरोड और नाली निर्माण कार्य ही कराया जा रहा था। इस बार टिनशेड लगवाने के काम को भी मनरेगा में शामिल किया गया है। प्राथमिकता के आधार पर जिला प्रशासन ने इस कार्य को कराने के लिए पंचायत सचिवों को निर्देश दिया है। औसतन प्रत्येक ग्राम पंचायत में दो शेड लगवाए जाएंगे।
पशुओं की संख्या के अनुसार होगा निर्माण
टिनशेड के लिए पशुओं की संख्या के आधार पर निर्माण कराया जाएगा। तीन पशुओं के लिए 56 हजार रुपये से निर्माण कराया जाएगा। पांच पशुओं के लिए 83 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इसका पूरा भुगतान मनरेगा से ही होगा।
सभी सचिवों को टिनशेड लगवाने के आदेश दिए गए हैं। मनरेगा के तहत निर्माण कार्य कराया जाएगा। जल्द ही सभी पंचायतों में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी।