मथुरा में एक निजी कार्यक्रम में आए बाबा रामदेव
- फोटो : अमर उजाला
योगगुरु बाबा रामदेव ने एक बार फिर देश में बढ़ते कोरोना के मामलों से निपटने के लिये योग को ही सर्वोत्तम उपाय बताया है। उनका कहना है कि योग कोरोना के साथ-साथ कई अन्य बीमारियों को दूर रखने में मदद करता है। कोरोना से बचने के लिए जीवन शैली को बदलना ही होगा। उचित सामाजिक शारीरिक दूरी और सरकार की गाइड लाइन का पालन करना भी कोरोना से बचाएगा।
सोमवार को भगवान श्रीराधाकृष्ण की लीला स्थली वृंदावन में एक निजी समारोह में भाग लेने पहुंचे बाबा रामदेव ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि देश में अचानक एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते हुए देखे जा रहे हैं। इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है। घबराने के बजाय लोगों को योग करना चाहिये।
ये भी पढ़ें- आगरा: केंद्रीय जेल से बाहर आईं यामी गौतम, प्रशंसक बोले- 'नकाब' हटाओ तो दिखा खूबसूरत अंदाज
उन्होंने कहा कि उनके द्वारा बताई गई जीवनशैली और योगासन बीते समय भी कोरोना से सुगमता से निपटने में सहायक रहा है। यही कारण है कि भारत में अमेरिका से कम मृत्यु दर रही है। जबकि भारत की जनसंख्या अमेरिका के मुकाबले तीन गुना ज्यादा है। इस दौरान बाबा रामदेव राजनीतिक सवालों से बचते नजर आए। बाबा रामदेव का भागवत प्रवक्ता डा. संजय सलिल, गिरीश भारती ने माल्यार्पण कर व स्मृतिचिन्ह प्रदान कर स्वागत किया। कार्यक्रम में बाबा रामदेव के साथ युवतियों में सेल्फी की होड़ मची रही।