यमुना में लगातार जलस्तर बढ़ रहा है। 24 घंटे में पांच फुट से अधिक जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। यमुना किनारे किसानों को अपनी फसल का डर सताने लगा है। लोग यमुना किनारे बनी अपनी झोपड़ियों से सामान शिफ्ट करने में जुट गए है। डूब क्षेत्र में बने भवन स्वामियों को सबसे अधिक डर सताने लगा है।
गुरुवार को यमुना का जलस्तर 492 फुट पर पहुंच गया, जिससे यमुना के दोनों घाटों पर पानी उफान ले रहा है। जिसे देखकर लोगों को बाढ़ की चिंता सता रही है। यमुना में बढ़ते जलस्तर को लेकर किसानों को फसल बर्बाद होने के नाम पर घबराहट होने लगी है।
तीन फुट पानी बढ़ने के साथ ही यमुना में बाढ़ के हालात पैदा हो जाएंगे। जिस तरह से पिछले चौबीस घंटे में पांच फुट पानी बढ़ गया है। अगर यही हाल रहा तो गुरुवार देर रात तक यमुना खतरे के निशान 495 फुट को पार कर जाएगी। बताते चलें कि वर्ष 2010 में ताजनगरी में बाढ़ आई थी।