आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में लगी एक्सरे मशीन बिजली की तकनीकी खामी के कारण काम नहीं कर रही है। इससे मरीजों के एक्सरे नहीं हो पा रहे हैं। तमाम मरीजों को बिना जांच के ही लौटना पड़ा। इससे इलाज में परेशानी हो रही है। ओपीडी में ऐसे भी मरीज रहे, जिन्होंने निजी सेंटर में एक्सरे कराना पड़ा।
एसएन की ओपीडी में रोजाना औसतन तीन हजार से अधिक मरीज आ रहे हैं। इसमें ओपीडी में ही एक्सरे सेंटर बना है। यहां पर हड्डी रोग और मेडिसिन विभाग से रोजाना 250 से अधिक मरीज एक्सरे कराने के लिए आते हैं। मशीन दो-तीन दिन से कार्य नहीं कर रही है। इस कारण एक्सरे नहीं हो पा रहे हैं। मरीजों को मशीन खराब बताते हुए तारीख दी जा रही है। कई मरीज ऐसे भी थे, जो दूरदराज से आए, वह निजी सेंटरों पर जांच कराने के लिए गए। दूरदराज से आने वालों को ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी।
टेढ़ी बगिया निवासी ओमवती ने बताया कि घुटने में चोट लगने पर एसएन के हड्डी रोग विभाग में दिखाया। दवा लिखने के साथ डॉक्टर ने पर्चे पर एक्सरे लिखा है। सेंटर पर गई तो बताया एक्सरे नहीं हो पाएगा, बाद में आना। प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि ओपीडी की एक्सरे मशीन बिजली से संबंधित तकनीकी कमी के कारण काम नहीं कर रही है। मशीन चालू करते ही शटडाउन हो जाता है। इसे ठीक कराने के लिए टोरंट कंपनी से पत्राचार किया गया है। एक-दो दिन में परेशानी ठीकी हो जाएगी। रेडियो डायग्नोसिस में एक्सरे हो रहे हैं।