फिरोजाबाद/खैरगढ़। उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्याम मोहन गुप्ता ने बुधवार को कस्बा खैरगढ़ क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित हो रहा पैथोलॉजी लैब सेंटर, एक्सरे सेंटर व नर्सिंग होम पर छापामार कर सील करने की कार्रवाई की। जबकि एक नर्सिंग होम संचालक ताला लगाकर मौके से भाग गया। स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई से झोलाछापों में हड़कंप मच गया। उप मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि अवैध रूप से संचालित होने वाले नर्सिंग होम पर छापामार कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
जिले में अवैध रूप से नर्सिंग होम के साथ ही एक्स-रे सेंटर एवं पैथोलॉजी लैब का संचालन किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे थे। डॉ. विनोद कुमार का स्थानांतरण होने के बाद इसकी जिम्मेदारी उपमुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्याममोहन गुप्ता को मिली है। बुधवार को एसीएमओ डॉ. श्याम मोहन गुप्ता ने कस्बा खैरगढ़ में सुबह से ही छापेमारी की। टीम ने पहुंचते ही कस्बा में संचालित किए जा रहे बालाजी पैथलॉजी सेंटर, इश्का पैथोलॉजी सेंटर के साथ ही एक्सरे सेंटर को सील किए जाने की कार्रवाई की। इसके साथ ही मक्खनपुर रोड स्थित अवैध रूप से संचालित किए जा रहे आदित्य नर्सिंग होम के संचालक ताला डालकर मौके से फरार हो गया। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से खैरगढ़ के साथ-साथ प्रतापपुर एवं हाथवंत में अवैध रूप से संचालित किए जा रहे लैब एवं क्लीनिक संचालक फरार हो गए। उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्याम मोहन गुप्ता ने कहा कि अवैध रूप से संचालित किए जा रहे क्लीनिक, पैथलॉजी लैब के साथ एक्सरे सेंटर संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इनको सील किए जाने के साथ ही अभियोग दर्ज कराए जाएंगे।
रसूलपुर में भी हैं कई अवैध अस्पताल
संवाद सूत्रों के अनुसार रसूलपुर में करीब 15 से अधिक ऐसे अस्पताल हैं जो बिना लाइसेंस के चल रहे हैं, इस अस्पतालों में मरीज का इलाज झोलाछाप कर रहे हैं, लेकिन थाना पुलिस की मेहरबानी से यह बेखौफ संचालित है। जब मरीज की मौत हो जाती है, तब ही पुलिस इन पर कार्रवाई करती है, लेकिन कुछ दिनों बाद छोड़ दिया जाता है।