आगरा। महिला क्रिकेट विश्वकप विजेता दीप्ति शर्मा का शुक्रवार को शहर में जोरदार स्वागत किया गया। जय हो-जय हो और चक दे इंडिया जैसे गीतों से परिसर गूंज उठा। सैकड़ों की संख्या में शहरी जुटे। परिसर में परिवार के साथ दीप्ति के प्रवेश करते ही ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और तालियों की गड़गड़ाहट ने रोमांच की तरंगें बिखेर दीं। देश और शहर की बेटियों को अपने सपने पूरे करने का संदेश देती दीप्ति ने कहा कि मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं कि मैं आगरा की बेटी हूं।
दयालबाग स्थित अमर विहार अतुल फार्म हाउस में डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन और माया मित्तल चैरिटेबल ट्रस्ट ने मिलकर सम्मान समारोह का आयोजन किया। शुभारंभ विश्वकप विजेता दीप्ति शर्मा ने ध्वजारोहण कर किया। उन्होंने कहा कि देश और शहर के लिए आगे भी और बेहतर करने का हमेशा प्रयास करती रहूंगी।
मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि खेल के क्षेत्र में अपनी बेटियों को आगे लाएं। खेल की पगडंडियां आईजी और पद्मश्री जैसा सम्मान दिलाएंगी। उन्होंने कहा कि जो शहर अपने शहर का नाम रोशन करने वालों का सम्मान नहीं करता वह आगे नहीं बढ़ पाता।
मेयर हेमलता दिवाकर ने कहा कि देश में बच्चों के पास हुनर की कमी नहीं। ऐसे बच्चों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसद खेल महोत्सव शुरू कर प्लेटफॉर्म दिया। देश के युवा खेल जगत में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन कर रहे हैं।
डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील जोशन ने कहा कि शहर से दीप्ति की तरह और भी महिला क्रिकेटर अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकेंगी। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, डीआईजी शैलेश पांडेय, पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, राजेश सहगल अनीश, नरेश जैन, जितेंद्र चौहान, राजपूत, पूरन डावर, नरेंद्र शर्मा, पूनम सचदेवा, राजीव अग्रवाल, रेनुका डंग आदि मौजूद रहे।
परिवार के साथ किया सम्मानित
ट्रस्ट की ओर से विश्वकप विजेता दीप्ति शर्मा को रामसरन मित्तल व अन्य परिवारीजन ने पांच लाख का चेक व क्रिकेट मैदान में मौजूद दीप्ति की फोटो प्रदान की। संजीव मित्तल ने दीप्ति को दबंग एंड ओनली वन कहते हुए अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारत के लिए क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं बल्कि इमोशन है। आशु मित्तल ने कहा कि यह सम्मान छोटी सी गली में देखे गए सपने को साकार करने का सम्मान है। वहीं दीप्ति शर्मा के पिता भगवान शर्मा, माता सुशीला शर्मा, भाई सुमित व प्रशांत भी मौजूद रहे। निकुंज मित्तल, आकांक्षा मित्तल, अनुप्रिया, नमन मित्तल ने अतिथियों को स्मृति चिह्न प्रदान किया। संचालन आशु मित्तल व विनीत खेड़ा ने किया।
हमेशा याद रहेगा फाइनल मैच
दीप्ति ने कहा कि वह हर परेशानी में बजरंगबली का स्मरण करती हैं। उन्हें विश्वकप फाइनल का मैच हमेशा याद रहेगा।
सेल्फी लेने के लिए लगी कतार
दीप्ति शर्मा के साथ सेल्फी लेने वालों की लंबी कतार रही। सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों ने ढोल बजाकर दीप्ति शर्मा का स्वागत किया और फोटो भी खिंचवाई।
महिला क्रिकेटर दीप्ति शर्मा का दयालबाग स्थित मित्तल मिशन में डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन आगरा