ट्रक की केबिन बॉडी उतारने के दाैरान अचानक से क्रेन पलट गई। पास ही खड़े वर्कशाॅप संचालक क्रेन के नीचे दब गए। चीखपुकार मच गई। वर्कशाॅप संचालक की माैके पर ही माैत हो गई।
आगरा के ट्रांसपोर्ट नगर में शनिवार दोपहर क्रेन पलटने से वर्कशाॅप संचालक राम प्रकाश शर्मा (60) की माैत हो गई। वह नई आबादी नगला अजीता, जगदीशपुरा के रहने वाले थे।
विज्ञापन
ट्रांसपोर्ट नगर में राम प्रकाश शर्मा की नारद जी ट्रक बॉडी मेकर नाम से वर्कशॉप है। बेटे दीपक शर्मा ने बताया कि पिता ने दोपहर 12 बजे एक ट्रक की केबिन बॉडी उतारने के लिए क्रेन किराये पर मंगाई थी। क्रेन चालक केबिन उतार रहा था। पिता पास में खड़े थे। अचानक भारी वजन के कारण क्रेन के पलट जाने से पिता दब गए। चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने अन्य राहगीरों की मदद से उन्हें बाहर निकाला। मौके पर पुलिस पहुंच गई। गंभीर हालत देखकर पिता को अस्पताल पहुंचाया गया। क्रेन चालक मौके से भाग गया। हरीपर्वत पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। दीपक शर्मा भी घटना के समय मौके पर मौजूद थे। आंखों के सामने पिता की मौत से वह सदमे में हैं।