आगरा के नुनिहाई स्थित अतुल ग्रुप की फैक्टरी में शनिवार को अतुल ग्रुप की फैक्टरी में कार्बन डाई ऑक्साइड का सिलिंडर फटने से हुए धमाके की आवाज आधा किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए। लोगों को लग रहा था कि कोई बम फट गया है। मगर, बाद में पता चला कि सिलिंडर में धमाका हुआ है। सिलिंडर के टुकड़े 200 मीटर की दूरी तक बिखरे दिखे।
फैक्टरी के मजदूरों ने पुलिस को बताया कि सिलिंडरों को उतारते समय धमाका हुआ तो सभी सकते में आ गए। कुछ देर तक समझ में नहीं आया कि अचानक क्या हो गया। चपेट में आने से मजदूर रूपेश यादव की मौत हो गई। उसके शरीर के चिथड़े उड़ गए। दो मजदूर इरफान और हर्ष घायल हुए हैं। मृतक मजदूर के परिजनों ने लापरवाही से हादसे का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों को समझाकर पुलिस साढ़े तीन घंटे बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी।