आगरा के बरौली अहीर के गांव श्यामो में उपजिलाधिकारी के आदेश के बाद भी तालाब की तार फेंसिंग का कार्य शुरू नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में दो बड़े तालाब हैं। इनमें गांव की नालियों का पानी जाता है। तालाबों से पानी की निकासी की व्यवस्था न होने से तालाब ओवरफ्लो हो जाते हैं और उनका गंदा पानी गांव की सड़कों पर भर जाता है।
ग्रामीणों की लगातार शिकायत के बाद अधिकारियों ने तालाबों की तार फेंसिंग और पानी के निकासी की व्यवस्था कागजों पर तो बना ली, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद काम शुरू नहीं हो सका है। ग्रामीणों का कहना है कि जल्द काम नहीं कराया गया तो गांव के लोग आंदोलन करेंगे। एसडीएम सदर सुमित राजपूत ने विकास खंड अधिकारी को जल्द कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। ग्राम विकास अधिकारी हेमंत कुमार ने बताया कि नाला निर्माण और तालाब पर लोहे की जाली लगाने का स्टीमेट तैयार हो गया है। जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा।
सिंचाई विभाग कराएगा तालाब का सर्वे
सिचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अखिलेश कुमार ने बताया कि तालाब का सर्वे करा के सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।