कलेक्ट्रेट में उज्ज्वला लाभार्थियों को सब्सिडी के बैंक चेक संकेतिक रूप दिए गए। स्रोतः प्रशासन
मैनपुरी। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत होली के अवसर पर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निशुल्क गैस सिलिंडर रिफिल का उपहार मिला। कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा निशुल्क गैस रिफिल सिलिंडर सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी हुआ। विधायक भोगांव रामनरेश अग्निहोत्री, जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह, सीडीओ नेहा बंधु, जिलाध्यक्ष भाजपा राहुल चतुर्वेदी ने उज्ज्वला योजना की लाभार्थी संध्या, अंजू, सुनीता, अनीता, रूपाली, राजेश्वरी, सरिता, बेवी देवी, अनुपम, ऊषा देवी को सांकेतिक रूप से गैस रिफिल सिलेंडर अनुदान राशि के चेक उपलब्ध कराए। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि योजना में केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को प्रति सिलेंडर पर 324 रुपये की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री ने गरीब परिवारों की महिलाओं को दिवाली, होली पर विशेष उपहार के तहत 2 निःशुल्क रिफिल किए हुए एलपीजी सिलिंडर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। संवाद