कासगंज में सोरों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैक्सीन लगाते स्वास्थ्य कर्मी ।
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। जान है जहान है के मंत्र पर जिले की महिलाएं पुरुषों के साथ कदमताल कर रही है। वे उत्साह के साथ केंद्रों पर टीकाकरण कराने के लिए पहुंच रही हैं। जिले में अब तक लगी कोरोना की पहली एवं दूसरी डोज मिलाकर 10.53 लाख पुरुष अपना टीका लगवा चुके हैं तो वहीं 9.41 लाख महिलाएं भी टीका लगवाकर अपने को सुरक्षित कर चुकी हैं।
जिले में कोरोना की तीनों लहरों में पुरुषों के साथ ही बड़ी संख्या में महिलाएं भी कोरोना की चपेट में आई। तमाम महिलाओं की जान भी कोरोना ने निगल ली। 16 जनवरी 2021 को जब शासन ने कोरोना टीकाकरण शुरू कराया तो महिलाएं भी टीकाकरण कराने के लिए केंद्रों पर जाने से नहीं घबराई। अब तक जिले में 1994717 कोरोना की डोज विभाग लगा चुका है। जिसमें से 1053071 पुरुषों ने कोरोना की डोजें लगवाई है। तो महिलाएं भी कोरोना की डोज लगवाने में पीछे नहीं हैं। अब तक 941304 महिलाएं भी कोरोना की डोजें लगवा चुकी हैं। 15 से 17 आयु वर्ग में भी छात्राएं उत्साह से टीका लगवाती दिखाई दी। यही स्थति अब 12 से 14 आयु वर्ग में दिखाई दे रही है।
कोरोना खतरनाक महामारी है। इस महामारी से बचने का एक मात्र उपाय टीकाकरण ही है। मैने टीके की दोनों डोज लगवा ली हैं। सभी को बिना डर के टीका लगवाना चाहिए।
प्रीती राठौर, निवासी सहावर गेट
कोरोना से बचने के लिए टीकाकरण जरूरी है। मैने अपना एक टीका लगवा लिया है। दूसरे टीका का अभी समय नहीं हुआ है। समय पूरा होते ही दूसरी डोज अवश्य लगवाऊंगी।
रश्मि गुप्ता, निवासी सहावर गेट