झारखंड से टूंडला स्टेशन के लिए रिजर्व कोच में सवार हुई महिला दो बच्चों सहित लापता हो गई। पत्नी और बच्चों के टूंडला न पहुंचने पर पति ने जीआरपी में तहरीर दी है।
आगरा के थाना सदर, नौलक्खा निवासी मोहम्मद असलम की ससुराल झारखंड में है। कुछ दिन पूर्व उनकी पत्नी सायना (27) व दो बच्चे आदिल (08), गुलनाज (05) के साथ मायके गई थी। 24 अप्रैल को सायना को उसके मायके वालों ने बच्चों सहित झारखंड के रामगढ़ कैंट स्टेशन से मुरी एक्सप्रेस के कोच संख्या एस-9 में सीट संख्या 61 और 62 पर बिठाया था।
25 अप्रैल को ट्रेन के टूंडला पहुंचने के समय पर मोहम्मद असलम बीवी-बच्चों को लेने स्टेशन पहुंचा। लेकिन, वह कोच में नहीं मिले। ट्रेन के साथ ही स्टेशन पर उसने बीवी-बच्चों की तलाश की, लेकिन वे नहीं मिले। पत्नी और बच्चों के न मिलने पर असलम परेशान हो गया।