फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: तालाब की सफाई को महिलाओं का शमसाबाद ब्लाॅक दफ्तर पर हंगामा

Thu, 25 Jun 2026 02:18 AM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
विज्ञापन
शमसाबाद के विकास खंड में बैठी महिलाएं
विज्ञापन
शमसाबाद। ग्राम पंचायत लहर पट्टी के अंतर्गत आने वाले मजरा बास महुआ में तालाब की खुदाई और सफाई न होने से आक्रोशित महिलाओं ने बुधवार को विकासखंड कार्यालय पर जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी प्रेमपाल सिंह को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
विज्ञापन


ग्रामीणों का कहना है कि मानसून आने वाला है, लेकिन तालाब की वर्षों से सफाई नहीं हुई है। तालाब पूरी तरह सिल्ट से पट चुका है, जिसके कारण गंदा पानी गलियों और लोगों के घरों में भर रहा है। पानी में सड़न पैदा होने से महामारी फैलने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय निवासी भूरा ने बताया कि जलभराव के कारण जहरीले जीव-जंतु मकानों के अंदर घुस जाते हैं, जिससे पूरा गांव डर के साए में जीने को मजबूर है। ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर बीडीओ से लेकर जिलाधिकारी तक कई बार गुहार लगाई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शन और शिकायत करने वालों में मुख्य रूप से भीमसेन, अशोक, प्रेम सिंह, चंदन सिंह, हरि सिंह, लीला, संजू, भूरा, रतन सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
दलदल में फंसी पोकलेन मशीन

हंगामे की सूचना मिलते ही खंड विकास अधिकारी प्रेमपाल सिंह, एडीओ पंचायत आलोक सत्यार्थी, एडीओ कुशलपाल सिंह और ग्राम विकास अधिकारी विनोद कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने तालाब से मिट्टी निकालने के लिए पोकलेन मशीन को काम पर लगाया, लेकिन तालाब में अत्यधिक दलदल होने के कारण मशीन ऑपरेटर ने काम करने से हाथ खड़े कर दिए। बीडीओ प्रेमपाल सिंह ने बताया कि फिलहाल गलियों में भरे पानी की निकासी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है और तालाब की खुदाई के प्रयास जारी हैं।
विज्ञापन

जलभराव के कारण आधा दर्जन ग्रामीणों ने छोड़े मकान
बास महुआ गांव में करीब आधा किलोमीटर के दायरे में दो बड़े और गहरे तालाब हैं। समय पर सफाई न होने से हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि तालाब के आसपास बने मकान जर्जर स्थिति में पहुंच गए हैं। जलभराव और सीलन से परेशान होकर गांव के करीब आधा दर्जन ग्रामीणों देवेंद्र, पवन, हुकमा, दौजीराम, नंदू और धर्मेंद्र ने अपने मकान खाली कर दिए हैं और दूसरी जगह आशियाना बनाने को मजबूर हो गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें