सौ शैया अस्पताल में उपचार के लिए भटक रही महिला
सीएमएस के आदेश भी नहीं मिल रहा इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। सौ शैया अस्पताल में एक महिला पिछले एक सप्ताह से परिजन के साथ उपचार के लिए भटक रही है। लेकिन डॉक्टर उसे उपचार देने को तैयार नहीं है। ऐसा नहीं है कि मामला अधिकारियों के संज्ञान में न हो सीएमएस के आदेश के बाद भी महिला को डॉक्टर उपचार नहीं दे रही हैं।
शहर निवासी गोपी किशन की पत्नी दीक्षा के गर्भ में दूसरा बच्चा पल रहा है। पिछले कुछ दिनों से उसे दिक्कत हो रही है। एक सप्ताह में जिला अस्पताल की महिला डॉक्टर उसकी कई बार जांच करा चुकी हैं लेकिन उसको कोई उपचार नहीं दिया गया है। बुधवार को दीक्षा अपने पति गोपीकिशन के साथ सुबह 10 बजे अस्पताल पहुंची। यहां पूरे दिन इधर-उधर भटकती रही। सीएमएस के पास गई तो सीएमएस ने डॉ. निशिता को उपचार के लिए लिखा लेकिन निशिता ने उसे खून की कमी बताते हुए रेफर के लिए लिख दिया। इसके बाद गोपीकिशन फिर से सीएमएस के पास गया तो सीएमएस ने बृहस्पतिवार को उसे डॉ. पल्लवी को दिखाने का आदेश कर दिया। गोपी किशन का कहना था कि एक सप्ताह से अस्पताल में डॉक्टर उसे परेशान कर रहे हैं लेकिन उसकी पत्नी को उपचार नहीं दिया जा रहा है।
पीड़िता का पति मेरे पास आया था मैंने बृहस्पतिवार को उसे डॉ. पल्लवी को दिखाने की सलाह दी है। पीड़िता को प्राथमिक उपचार भी दिलाया गया है।
डॉ. शिव कुमार उपाध्याय, सीएमएस