कासगंज। क्षेत्र के एक गांव में एक विधवा महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर दुष्कर्म किया गया। आरोपी ने महिला के पास मौजूद नगदी भी लूट ली। पुलिस ने महिला का चिकित्सीय परीक्षण कराया है।
महिला सोमवार की देर शाम घरों में काम करने के बाद ऑटो में बैठकर अपने घर वापस लौट रही थी। चालक ने जब उसे उसके घर के निकट उतारा तभी गांव के ही एक युवक ने नशीला पदार्थ सूंधाकर अगवा कर ले गया। उसने गेहूं के खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। उसके पास मौजूद 3200 रुपये की नकदी भी लूट ली। वारदात को अंजाम देकर आरोपी भाग गया। महिला जैसे तैसे घर पहुंची। घर पहुंचकर उसने वारदात की जानकारी दी। मामले की जानकारी 112 पर दी। इसके बाद एसपी अंकिता शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती, सीओ आंचल चौहान व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने महिला को जिला अस्पताल भेजा। जहां महिला का चिकित्सीय परीक्षण करने के बाद सैपल जांच के लिए भेजा है। सीओ आंचल चौहान ने बताया कि महिला का चिकित्सीय परीक्षण कराया है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।