घिरोर। थाना दन्नाहार क्षेत्र के एक गांव में 11 दिसंबर की रात कुछ लोग एक महिला को उठाकर ले गए और उसके साथ तमंचे के बल पर दुष्कर्म किया। पति का आरोप है कि जब उसने शिकायत की तो उसे ही थाना में बैठा लिया गया। पीड़िता का कहना है कि कोई कार्रवाई न होने से आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं।
दन्नाहार क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक महिला ने बताया कि 11 दिसंबर की रात पति घर के अंदर दो बच्चों के साथ सो रहे थे। वह एक बच्चे के साथ घर के बाहर छप्पर के नीचे सो रही थी। रात में गांव निवासी तीन लोग वहां आए और उसे पकड़ लिया। उसके मुंह में कपड़ा ठूंसने के बाद उठाकर घर से कुछ दूर झाड़ियों में ले गए। वहां तीनों आरोपियों ने तमंचे के बल पर उसके साथ दुष्कर्म किया। देर रात पति जागने के बाद बाहर आए और चारपाई खाली देख कर उसकी तलाश की। पति के आने पर आरोपी वहां से भाग गए। पीड़िता के पति का आरोप है कि उसने थाना में शिकायत दी तो उसे ही थाना में बैठा लिया गया। पुलिस ने पत्नी का मेडिकल भी नहीं कराया। आरोपियों से सांठगांठ के चलते कोई कार्रवाई नहीं की गई।
मामला मेरे संज्ञान में नहीं है, जानकारी की जा रही है। यदि कोई शिकायत दी गई तो उस पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। - संतोष कुमार सिंह, सीओ सिटी।