बिछवां। कस्बा निवासी एक किसान खेत में बकरियां चराने के लिए गया था, वहां मधुमक्खियों ने हमला कर दिया, हमले में गंभीर रूप से घायल किसान की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
कस्बा निवासी किसान मलिखान सिंह (65) बुधवार की शाम खेत पर बकरियां चराने के लिए गए थे। वह बकरियां चराते हुए गांव हविलिया की ओर चले गए, वहां एक पेड़ पर मधुमक्खी का एक छत्ता लगा हुआ था। पेड़ के पास गुजरते समय किसान के हाथ में पकड़ा डंडा छत्ता से टकरा गया। डंडा लगने के बाद मधुमक्खियों के झुंड ने किसान पर हमला बोल दिया। मधुमक्खियों के हमला में वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी होने के बाद परिजन उन्हें घर ले गए। इस दौरान किसान की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने बताया कि वह बकरियों का पालन कर परिवार का भरण पोषण करते थे। दो बेटियों की शादी कर चुके थे, वहीं तीन बेटियां अभी शादी योग्य हैं। मलिखान सिंह का एक पुत्र भी है, उक्त घटना के बाद मृतक के परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।