आगरा। प्रोडक्ट पर रिव्यू देकर रुपये कमाने के चक्कर में महिला ने 12 लाख रुपये गवां दिए। शिकायत पर साइबर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
आवास विकास सेक्टर-12 निवासी गीता पाराशर ने तहरीर दी। पुलिस को बताया कि टेलीग्राम एप पर एक लिंक दिखा। क्लिक किया तो प्रोडक्ट पर रिव्यू देकर रुपये कमाने के बारे में जानकारी मिली। वह लालच में आ गईं। बताए गए बैंक खाते में उन्होंने अपने पति के बैंक खाते से 4.60 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
ब्रेंज के रूप में दिख रही मुनाफे की रकम निकालने की कोशिश की तो ठग ने टेलीग्राम पर मैसेज कर बात की। रुपये निकालने से पहले और रुपयों की मांग की। उन्होंने ठग की बातों पर भरोसा कर 7.58 लाख रुपये फिर से ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद भी रुपये नहीं निकले। उन्हें टेलीग्राम ग्रुप से भी हटा दिया गया, तब ठगी का अहसास हुआ।