पीड़िता फिरोजाबाद की रहने वाली है। सोशल मीडिया पर एक युवक से उसकी दोस्ती हुई। वह ऑनलाइन कॉल करने लगा। खुद को दुबई में बताया और कहा कि वह उससे मिलने आगरा आएगा। गिफ्ट में सोने के जेवरात देगा। इससे महिला बातचीत करने लगी। 24 अगस्त को युवक ने कॉल किया।
कहा कि वह आगरा आ रहा है। उसे मिलने के लिए बुलाया। परिजन को दवा लेने एसएन मेडिकल कॉलेज जाने की कहकर आगरा आ गई। बाद में युवक का कॉल आया। कहा कि वह सोना लेकर आ रहा था। मगर, एयरपोर्ट पर चेकिंग में पकड़ लिया। 10 हजार रुपये की जरूरत है। महिला के पास रुपये नहीं थे। वह आगरा कैंट स्टेशन पर आकर रोने लगी।
फिर उसे चार युवक मिले। वह रोने का कारण पूछने लगे। उसने बताया कि उसका दोस्त मुसीबत में है। 10 हजार रुपये की जरूरत है। इस पर एक युवक ने पांच हजार रुपये आनलाइन ट्रांसफर करने का ड्रामा किया। बाद में महिला को उम्मीद थी कि युवक आएगा। उससे मुलाकात करेगा। उसने स्टेशन पर मिले युवकों से कहा कि वह उसकी मदद करें। होटल में रुकवा दें। इस पर तीन युवक उसे बोदला स्थित एक होटल में ले आए।
युवती को उम्मीद थी कि फोन पर बात करने वाला आया तो वह कैसे जाएगी। इसलिए दो युवकों को उसने अपने साथ ही रोक लिया। युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उनके तीसरे साथी ने मोबाइल से वीडियो और फोटो बना लिए। बाद में युवकों ने उसका मोबाइल छीन लिया। नंबर भी निकाल लिए।
धमकी दी कि किसी को बताया तो फोटो वीडियो वायरल कर देंगे। बाद में युवकों के मन में लालच आया। वह युवती को कॉल करने लगे। 80 हजार रुपये मांगे। महिला ने 40 हजार दे दिए। इस पर दो लाख रुपये की मांग करने लगे। मना करने पर अश्लील फोटो उसे भेजा। इस बारे में पति को पता चल गया। उन्होंने थाना सदर में मुकदमा दर्ज कराया।
महिला को रोता देखकर मदद के बहाने उसे जाल में फंसा लिया। आशंका है कि महिला से जिस युवक ने बात की, वह साइबर अपराधी था। वह रुपयों की मांग कर रहा था। कॉल एक नंबर से किया गया था। पुलिस ने उस नंबर की आईडी निकलवाई। इसकी मदद से आरोपी पकड़े गए।