फिरोजाबाद के टापा खुर्द में शुक्रवार अलसुबह एक महिला गंभीर और लहूलुहान हालत में मिली, जिसके बाद पुलिस ने उसे ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। महिला की नाबालिग बेटी ने दो अज्ञात युवकों पर पैसे मांगने के बाद पत्थरों से हमला करने का आरोप लगाया है, जबकि दुष्कर्म की आशंका की भी जांच की जा रही है।
फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र के कोटला रोड स्थित टापा खुर्द में शुक्रवार अलसुबह एक महिला गंभीर और बदहवास स्थिति में मिली। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता को तत्काल उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है।
विज्ञापन
पीड़िता मूल रूप से इटावा के शहर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली है। बीते तीन महीनों से टापा खुर्द में रहकर सिल-बट्टे व पत्थरों से बने सामान बेचकर अपने पांच छोटे बच्चों का भरण-पोषण कर रही थी। घटना के समय उसका पति सामान बेचने बाहर गया हुआ था। बताया जा रहा है कि महिला गर्भवती भी है। देर रात दुकान के समीप उसे संदिग्ध और गंभीर हालत में देखकर राहगीरों और आसपास के लोगों ने तत्काल थाना उत्तर पुलिस को सूचित किया।
पुलिस पूछताछ में महिला की नबालिग बेटी ने बताया कि देर रात दो अज्ञात युवक आए थे और उसकी मां से पैसे मांगने लगे। जब मां ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने पत्थरों से उन पर हमला कर दिया और मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार
घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू की गहनता से पड़ताल की जा रही है। सामूहिक दुष्कर्म या अन्य किसी गंभीर अपराध की पुष्टि चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल जांच) की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही संभव हो सकेगी। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों को खंगाल रही है।